अनामिका भारती।लोहरदगा: 27 फरवरी 2025 को घाघरा प्रखंड कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत प्रखंड पशुपालन विभाग घाघरा के निर्देशन में चयनित 17 लाभुकों को 4 मादा एवं 1 नर वितरित किए गए। प्रथम चरण में सभी चयनित पशुपालकों के अंशदान हिंडालको सीएसआर द्वारा प्रदान किए गए हैं। मौके पर प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ सीमा, सरांगो मुखिया राजेश बड़ाइक, हिंडाल्को सीएसआर से अभय भारती मौजूद रहे। मौके पर डॉ सीमा ने सभी पशुपालकों को कहा कि कृषि के साथ साथ पशुपालन के माध्यम से महिलाएं आर्थिक आमदनी आसानी से बढ़ा सकती हैं। उन्होंने हिंडाल्को को विशेष आभार प्रकट किया, जो सीएसआर मद से लाभुकों का अंशदान उनके खाते में जमा कर उन्हें सहयोग कर रही है। बस जरूरत है
थोड़ा इन पशुओं की देखरेख करने की। कोई समस्या इन्हें होने पर आप प्रखंड पशुपालन विभाग से संपर्क कर चिकित्सा सहायता, पशुओं का इलाज व दवाईयां निःशुल्क ले सकते हैं।आज सभी पशुपालकों को आवश्यक दवाईयां व एक एक टब वितरण किए गए।मुखिया राजेश बड़ाइक ने पशुपालन विभाग घाघरा एवं हिंडाल्को सीएसआर का धन्यवाद दिया। लाभुकों को अच्छी तरह देखभाल कर आगे बढ़ने की सलाह दी। आने वाले वितरण कार्यक्रम में सुअर व बत्तख पालन के लिए हिंडाल्को सीएसआर के सहयोग से पशुपालन विभाग घाघरा चयनित लाभुकों को सुअर, बकरा तथा बत्तख का वितरण किया जाएगा।कार्यक्रम में रामेश्वर यादव, सुनील कुमार, ललकू बैठा, सरिता देवी, भगवती देवी, सुशीला देवी, पूजा देवी समेत सरांगो, बिमरला, दिरगांव एवं अन्य पंचायतों के पशुपालकों के बीच योजनांतर्गत बकरा प्रदान किए गए।