आकाश कुमार लातेहार लातेहार जिला परिषद सदस्य पूनम देवी ने लातेहार जिले में की गयी कंबल आपूर्ति पर संतोष जाहिर किया है। उन्होंने बताया कि सप्लायर ओम शक्ति टेक्सटाइल पानीपत (हरियाणा) द्वारा जो भी कंबल की आपूर्ति की गयी है वह सरकारी मापदंड के मुताबिक है। इस वित्तीय वर्ष में आपूर्ति किया गया कंबल पिछले कई वर्षों में किए कंबल आपूर्ति से बेहतर है।

उन्होंने कहा कि मुझे विभिन्न श्रोतों से जानकारी मिली थी कि सप्लायर द्वारा घटिया कंबल की आपूर्ति की जा रही है। इस शिकायत के बाद मैंने बीडीओ की उपस्थिति में चंदवा, बालूमाथ , बरियातू समेत जिले विभिन्न प्रखंडों में पहले नये कंबल का वजन कराया जिसका वजन ढ़ाई किलोग्राम से उपर था। इसके बाद मैने एक नहीं तीन – तीन कंबल को धुलवा कर सूखवा कर वजन कराया तो उसका वजन 2.200 ग्राम रहा। जिला परिषद अध्यक्ष ने बताया कि सरकार ने कंबल का वजन 2 किलोग्राम निर्धारित किया है। ऐसे में सप्लायर ने टेंडर में वर्णित साइज और वजन के अनुसार ही कंबल की आपूर्ति की है। इस तरह यह कहा जा सकता है
कि गरीबों को मिलने वाला कंबल बेहतर और गुणवत्तापूर्ण है। मौके पर जिला परिषद सदस्य सरोज देवी भी मौजूद थीं। गौरतलब हो कि सरकार द्वारा स्टेट लेबल पर कंबल सप्लाई का टेंडर फाइनल किया गया है। इसके मुताबिक ओम शक्ति टेक्सटाइल पानीपत (हरियाणा) एवं बिहारी लाल चौधरी ट्रेड लिंक प्राइवेट लिमिटेड धनबाद (झारखंड) को कंबल सप्लाई की जिम्मेवारी सौंपी गयी है। 11 दिसंबर को दोनों आपूर्तिकर्ता को आपूर्ति का आदेश दिया गया था। निविदा में शर्त के मुताबिक 231सेमी × 154 सेमी साइज के कंबल की आपूर्ति करनी है जिसका धुलाई के बाद 2 किलोग्राम होना चाहिए।

सरकार ने इस बार बेहतर कंबल आपूर्ति की मंशा रखी है। जो सफल भी हो रही है।ओम शक्ति टेक्सटाइल पानीपत को पलामू प्रमंडल के पलामू, लातेहार व गढ़वा जिला समेत रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला- खरसांवा व रामगढ़ (अंश) जिले में 3 लाख,45 हजार, 92 कंबल की आपूर्ति करनी है। जिसके लिए 11 करोड़, 24 लाख, 99 हजार, 992 रुपए आवंटित किए गये हैं। इसी तरह बिहारी लाल चौधरी ट्रेड लिंक धनबाद को पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, चतरा, कोडरमा,रामगढ़ (शेष) दुमका, साहेबगंज, देवघर ,पाकुड़, जामताड़ व गोड्डा जिले में 5 लाख 75 हजार, 153 कंबल आपूर्ति की जिम्मेवारी सौंपी गयी है। जिसके लिए 18 करोड़, 74 लाख, 99 हजार 978 रुपए आवंटित किए गये हैं।