अनामिका भारती।लोहरदगा:शांति नगर किस्को मोड, लोहरदगा के रहने वाले चंद्रभूषण प्रसाद के सुपुत्र सुधांशु कुमार को गणतंत्र दिवस 2025 पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। वे नई दिल्ली में आयोजित होने वाले आरडी (रिपब्लिक डे) कैंप में हिस्सा लेंगे। सुधांशु वाई. बी. एन. यूनिवर्सिटी के छात्र है और उनकी मेहनत और लगन ने यूनिवर्सिटी और झारखंड दोनों का नाम रौशन किया है। सुधांशु कुमार ने अपने चयन पर खुशी व्यक्त की और कहा कि यह उनके लिए एक सपना सच होने जैसा है। वे पहले एन. एस. एस. के द्वारा आयोजित कैंप में विश्वविद्यालय स्तर पर चयनित हुए, उसके बाद उन्होंने राज्य स्तर पर अपना चयन सुनिश्चित किया। उसके उपरांत वे दस दिनों के लिए नवंबर में ट्रेनिंग और फाइनल सिलेक्शन के लिए पटना के बी. आई. टी. मेसरा में आयोजित कैंप में भाग लिया और वहां से अंतिम चयन लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अब वह 26 जनवरी 2025 के गणतंत्र दिवस परेड कैंप में शामिल होंगे।
अब वे 1 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2025 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय कैंप नई दिल्ली में हिस्सा लेंगे। उन्होंने अपने प्रशिक्षको और परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और समर्थन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की। झारखंड के युवाओं के लिए सुधांशु की यह सफलता प्रेरणा का स्रोत बन सकती है। उनके चयन से न केवल यूनिवर्सिटी बल्कि पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है।