अनामिका भारती। लोहरदगा: जिला आजसू पार्टी एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को लिखित रूप में पार्टी के पद एवं प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस संबंध में एस टी मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय उरांव ने कहा कि विगत विधानसभा चुनाव में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के द्वारा मनमानी रवैया अपनाते हुए एसटी मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर दूसरी पार्टी के इशारे पर पार्टी प्रत्याशी नीरू शांति भगत के खिलाफ काम किया। जिसके कारण नीरू शांति भगत चुनाव हार गई। विजय उरांव ने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नीरू शांति भगत को बदनाम करने एवं नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ा जिससे आहत होकर हम लोगों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वाले सभी पदाधिकारी ने कहा कि हम सभी कमल किशोर भगत के समय से ही ईमानदारी के साथ पार्टी का कार्य किया है, किंतु काफी आहत होकर पार्टी से हम लोगों ने इस्तीफा दिया है।

भविष्य में हम सभी हमेशा नीरू शांति भगत के साथ रहेंगे और उनका हाथ मजबूत करने में तन मन धन से सहयोग करेंगे। इस्तीफा देने वालों में मुख्य रूप से , जिला उपाध्यक्ष मंगू उरांव, विनोद उरांव, हुलास भगत, जमुना उरांव, सचिव दिनेश उरांव, रोहित उरांव, कोषाध्यक्ष देवी उरांव और महिला सचिव सीता उरांव शामिल हैं।